सोलानी पार्क में एक साल बाद भी काम शुरू नहीं, कांग्रेस नेता ने कराई सफाई

रुड़की। सोलानी पार्क के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन हुए एक वर्ष से अधिक समय बीतने के बावजूद काम शुरू नहीं होने पर कांग्रेस प्रदेश सचिव प्रणय प्रताप ने अपने खर्चे से पार्क में साफ-सफाई का कार्य शुरू कराया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बदहाल पड़े पार्क को दोबारा लोगों के उपयोग के लायक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रणय प्रताप ने बताया कि वर्ष 2025 में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने करीब सात करोड़ रुपये की लागत से सोलानी पार्क के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन किया था। उनके अनुसार, उद्घाटन के एक वर्ष से अधिक समय बाद भी पार्क में कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल उद्घाटन कर जनता को बरगलाने का काम किया गया।

उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश से अनुमति लेने के बाद अपने खर्चे से पार्क में सफाई कार्य शुरू कराया गया है। उनका कहना है कि करीब 15 वर्षों से बदहाल पड़े पार्क को फिर से विकसित कर लोगों के लिए उपयोगी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग पार्क में टहलने, व्यायाम करने और समय बिताने के लिए आ सकेंगे।

प्रणय प्रताप के मुताबिक, सोलानी पार्क का निर्माण वर्ष 2001 में हुआ था, लेकिन 2010 के बाद इसकी स्थिति लगातार खराब होती गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का लंबे समय से प्रतिनिधित्व किए जाने के बावजूद पार्क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। वर्ष 2025 में सात करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार कार्य के उद्घाटन के बाद भी काम शुरू न होना इसका उदाहरण है।

इस संबंध में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का पक्ष जानने का प्रयास किया गया। उन्होंने जल्द देहरादून जाने की बात कहते हुए तत्काल मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिया और तीन बजे लौटकर बात करने की बात कही। इस अवसर पर दीपकांत, अभिषेक, अरुण गौतम, सुशील, शेखर और विक्रम आदि मौजूद रहे।