चीरबासा के पास मलबा आने से केदारनाथ पैदल मार्ग बंद

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर पैदल आवाजाही रोक दी गई है। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोककर स्थिति सामान्य होने का इंतजार किया जा रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह राजवार ने बताया कि चीरबासा के समीप मलबा आने की सूचना के बाद डीडीएमए की टीम मौके पर पहुंच गई है और मार्ग से मलबा व पत्थर हटाने का कार्य किया जा रहा है। मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही यात्रियों की आवाजाही शुरू की जाएगी।

उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें लगातार मौके की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से संबंधित टीमों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। मार्ग सुचारू होने और केदारनाथ यात्रा दोबारा शुरू किए जाने के संबंध में प्रशासन की ओर से अलग से सूचना जारी की जाएगी।