खेल महाकुंभ में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

एथलेटिक्स में अक्षा, लाईबा, सागर और अंशुल समेत कई खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक

रुड़की। युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने और खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से खेल महाकुंभ-2026 का आयोजन किया जा रहा है। शिक्षा, खेल, पंचायतीराज, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिताओं में 14 से 19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया।

भारतीय एकेडमी तांशीपुर में आयोजित प्रतियोगिता के बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अक्षा प्रथम, 200 मीटर में लाईबा प्रथम और आरजू द्वितीय, 400 मीटर में लाईबा प्रथम, अक्षा द्वितीय और रिया तृतीय रहीं। 1500 मीटर दौड़ में रिया ने पहला, छवि ने दूसरा और आरोही ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद में आरजू प्रथम रहीं।

बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सागर प्रथम, विनय द्वितीय और वंश तृतीय रहे। 200 मीटर में सागर प्रथम, अनिकेत द्वितीय और कुणाल तृतीय रहे। 400 मीटर दौड़ में उदय प्रथम, नवीन द्वितीय और आरुष तृतीय रहे। 1500 मीटर में अंशुल प्रथम, वंशपाल द्वितीय और हिमांशु तृतीय रहे। 5000 मीटर दौड़ में अंशुल ने प्रथम, नवीन ने द्वितीय और लक्की ने तृतीय स्थान हासिल किया।

भाला फेंक में मंजीत प्रथम और अनुज द्वितीय रहे। गोला फेंक में मंजीत प्रथम और अरुण द्वितीय तथा चक्का फेंक में अरुण प्रथम और विशाल द्वितीय रहे।

इस मौके पर नोडल अधिकारी नरेंद्र शर्मा और प्रधानाचार्य रमनीत कौर ने बच्चों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व और नियमित खेल गतिविधियों के प्रति जागरूक किया। ब्लॉक खेल समन्वयक अजय पुंडीर ने प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं और शिक्षकों का आभार जताया।

नन्हेड़ा अनंतपुर में भी हुई प्रतियोगिताएं

08 और 09 सितंबर को खेल महाकुंभ-2026 के अंतर्गत न्याय पंचायत नन्हेड़ा अनंतपुर की क्रीड़ा प्रतियोगिता सत्संग भवन नन्हेड़ा में आयोजित की गई। प्रतियोगिता आदेश कुमार, नोडल अधिकारी अशफाक हुसैन और सीआरपी शुऐब की देखरेख में हुई।

उद्घाटन समारोह में ब्लॉक सह-खेल समन्वयक अमीर आलम ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित किया। लेखा एवं चयनकर्ता की भूमिका में संजय सैनी, भूपेंद्र सिंह, दीपशिखा, हेमंत कुमार, नाजिर हुसैन और द्वारिका प्रसाद सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।