

देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद हुए कथित शुद्धिकरण के विरोध में कांग्रेस सोमवार को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी। कार्यक्रम को लेकर प्रदेशभर से पार्टी नेता और कार्यकर्ता देहरादून पहुंच रहे हैं। कांग्रेस ने घेराव के जरिए शक्ति प्रदर्शन की तैयारी की है। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा भी देहरादून पहुंच चुकी हैं।
आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल के शुद्धिकरण का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश के विभिन्न पुलिस थानों में तहरीर दिए जाने के बावजूद संबंधित आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने को लेकर भी कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।
सरकार पर लगाया भावनाओं से विश्वासघात का आरोप
प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास घेराव का कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड के लोगों की भावनाओं के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल का अपने ही लोगों से शुद्धिकरण कराया गया। आगामी चुनाव को देखते हुए भाजपा हर तरह के हथकंडे अपना रही है।
रामकुमार वालिया आज कांग्रेस में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री आवास घेराव से पहले कांग्रेस में कई नेताओं के शामिल होने की भी तैयारी है। पूर्व दर्जाधारी रामकुमार वालिया अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। वालिया ने हाल ही में भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाएंगी।
दिल्ली में मौन व्रत रखेंगे हरीश रावत
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सात सितंबर को नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर एक घंटे का मौन व्रत रखेंगे। स्वास्थ्य लाभ के लिए पिछले कुछ महीनों से दिल्ली में रह रहे रावत ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि कुछ अनचाहे कारण और अदृश्य शक्तियां बार-बार ऐसी स्थिति पैदा कर रही हैं, जिससे वह उत्तराखंड आने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अस्पृश्यता और अपमानजनक छुआछूत को संरक्षण देने वाली शक्तियों के खिलाफ संघर्ष चल रहा है। इसी संघर्ष में अपनी भागीदारी दर्ज कराने के लिए वह दिल्ली स्थित आवास पर एक घंटे का मौन व्रत रखकर भगवान से छुआछूत और सामाजिक भेदभाव को बढ़ावा देने वाली शक्तियों की पराजय की प्रार्थना करेंगे।
