बकाया मजदूरी के विवाद में 72 वर्षीय रेखा बंसल की हत्या, सोने का कड़ा लेकर फरार हुआ था आरोपी


देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय वृद्धा रेखा बंसल की हत्या का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्या का आरोप घर में काम करने वाले विनीत कुमार निवासी उत्तरकाशी पर लगा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का मृतका के पति से मजदूरी के बकाया पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। रुपये मांगने के दौरान वृद्धा से विवाद होने पर आरोपी ने कड़े से उनके चेहरे पर वार कर दिया।
पुलिस के अनुसार, वृद्धा के चिल्लाने पर पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी उनके हाथ से सोने का कड़ा निकालकर मौके से फरार हो गया।
तीन सितंबर को दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी घर में अचेत पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस से जांच कराने पर महिला को मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी देहरादून भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी ली। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मामले में रायपुर थाने में धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
हत्या के खुलासे के लिए पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को विनीत कुमार के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने उसे त्रिलोक गेस्ट हाउस, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब 15 वर्षों से बंसल परिवार को जानता था। वह डिस्पेंसरी रोड स्थित बंसल की बुक शॉप में हेल्पर का काम करता था और गेस्ट हाउस में सुरक्षा गार्ड भी था। घटना वाले दिन वह बंसल की स्कूटी से उनके घर पहुंचा था। उसे घर के पीछे का दरवाजा खुला होने की जानकारी थी, जिसके चलते वह अंदर चला गया। उस समय रेखा बंसल घर में अकेली थीं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बकाया मजदूरी के रुपये मांगे, जिसको लेकर रेखा बंसल से उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने उनके चेहरे पर कड़े से वार किया और बाद में मुंह-नाक दबाकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद सोने का कड़ा लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।
