भूकंपरोधी निर्माण तकनीक को मिलेगा बढ़ावा, भारत में संरचनात्मक अवयवों के लिए पहली इंटरैक्टिव लोडिंग सुविधा


रुड़की, । भूकंपरोधी निर्माण प्रौद्योगिकियों को मजबूत करने की दिशा में केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआई), रुड़की में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। राष्ट्रीय भूकंप अभियांत्रिकी परीक्षण सुविधा (एनईईटीएफ) के तहत विकसित बहु-अक्षीय परीक्षण (एमएटी) सुविधा का शुभारंभ किया गया।
इस सुविधा का उद्घाटन सीएसआईआर की महानिदेशक एवं डीएसआईआर की सचिव डॉ. एन. कलैसेल्वी ने किया। इस दौरान सीबीआरआई के निदेशक प्रो. आर. प्रदीप कुमार भी मौजूद रहे।
सीबीआरआई के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. चंचल सोनकर ने मुख्य वैज्ञानिक डॉ. अजय चौरसिया के मार्गदर्शन में इस अत्याधुनिक सुविधा को विकसित किया है। संस्थान के अनुसार, यह भारत में संरचनात्मक अवयवों के लिए अपनी तरह की पहली बहु-अक्षीय इंटरैक्टिव लोडिंग परीक्षण सुविधा है।
इस सुविधा के माध्यम से विभिन्न संरचनात्मक अवयवों पर एक साथ कई दिशाओं से भार डालकर उनकी क्षमता और व्यवहार का परीक्षण किया जा सकेगा। इससे भूकंपरोधी निर्माण तकनीकों के विकास और परीक्षण में मदद मिलेगी।
