जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर मुख्यमंत्री का जोर, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जन समस्या का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनहित और सुशासन के सिद्धांत पर कार्य कर रही है तथा जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब आम नागरिकों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने तथा शिकायतकर्ता को समाधान की प्रगति से भी अवगत कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार का दायित्व है और प्रत्येक अधिकारी जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए पूर्ण संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व का परिचय दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को प्राप्त जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला अथवा विभागीय स्तर पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए, जबकि उच्च स्तर पर निर्णय अपेक्षित मामलों को शीघ्र संबंधित विभागों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।