ग्राइंडर एप से हुई दोस्ती, दूसरी मुलाकात बनी कारोबारी की हत्या की वजह

देहरादून। पटेलनगर थाना क्षेत्र स्थित देवऋषि एन्क्लेव में कारोबारी दीपक गुप्ता की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 48 वर्षीय दीपक गुप्ता और 20 वर्षीय बीकॉम छात्र रोहन प्रजापति की पहचान ग्राइंडर एप के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच यह जान-पहचान कुछ दिन पुरानी थी और दूसरी ही मुलाकात खूनी वारदात में बदल गई।

पुलिस के अनुसार, दोनों की बातचीत ग्राइंडर एप के जरिए शुरू हुई थी। पूछताछ में आरोपी रोहन ने बताया कि वह ऑनलाइन ट्रेडिंग सीखने और अतिरिक्त कमाई की उम्मीद में दीपक के संपर्क में आया था। पहली मुलाकात सामान्य रही, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत जारी रही।

जांच के मुताबिक, 22 जुलाई की शाम दीपक के बुलावे पर रोहन दूसरी बार उनके घर पहुंचा। आरोपी का दावा है कि बातचीत के दौरान दीपक ने उस पर अनैतिक कार्य का दबाव बनाया, जिसका उसने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और हाथापाई शुरू हो गई।

आरोपी के अनुसार, हाथापाई के दौरान दीपक ने चाकू निकालकर उसे डराने की कोशिश की। इसी दौरान रोहन ने चाकू छीन लिया और दीपक की गर्दन, चेहरे तथा पीठ पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण दीपक की मौके पर ही मौत हो गई।

शोर सुनकर दीपक का भाई कमरे में पहुंचा तो आरोपी हाथ में चाकू लिए वहीं मौजूद मिला। मुख्य रास्ता बंद होने के कारण वह फरार नहीं हो सका और पुलिस ने उसे घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस को मौके पर दीपक का शव नग्न अवस्था में मिला, जिसके बाद फॉरेंसिक टीम को जांच में लगाया गया। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की डिजिटल और फॉरेंसिक जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।