

रुड़की। लघु उद्योग भारती उत्तराखंड की रुड़की नगर एवं सिडकुल (पुराना औद्योगिक क्षेत्र) इकाइयों द्वारा आयोजित “उद्योग संवाद एवं सम्मान समारोह” उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उद्योग जगत, विभिन्न औद्योगिक संगठनों, सरकारी विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लेकर उद्योगों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्यमियों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना और उद्योग क्षेत्र के योगदान को सम्मानित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के उद्योग मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि लघु उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने उद्यमियों की समस्याएं सुनते हुए आश्वासन दिया कि उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मुद्दों से अवगत कराया जाएगा तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्यमियों की चिंताओं को लेकर गंभीर है।
कार्यक्रम का संचालन रुड़की नगर इकाई के जिलाध्यक्ष केतन भारद्वाज ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, विभागीय अधिकारियों, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों और उद्यमियों का स्वागत किया। लघु उद्योग भारती के प्रदेश प्रभारी कैलाश मेलाना ने आयोजन को संगठन की एकजुटता और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विजय सिंह तोमर ने कहा कि ऐसे आयोजन उद्योग, उद्यमी और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हैं। वहीं भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राहुल देव ढंड ने उद्योगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सरकार और उद्यमियों के बीच सेतु की भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर भगवानपुर और रुड़की ग्रामीण में लघु उद्योग भारती की नई इकाइयों के गठन की घोषणा भी की गई। साथ ही रुड़की के पत्रकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, औद्योगिक संगठनों और उद्यमियों का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे संवाद कार्यक्रमों को प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
