

नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल में इन दिनों रहस्यमयी पत्थरबाजी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। तल्लीताल स्थित जिला पंचायत और जीवाजी लॉज परिसर में पिछले 11 दिनों से लगातार रात के समय घरों की छतों पर पत्थर फेंके जा रहे हैं। तमाम कोशिशों के बावजूद अब तक पत्थर फेंकने वाले का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रोजाना रात 8 बजे से 11 बजे के बीच अचानक छतों पर पत्थर गिरने लगते हैं। लोगों ने कई बार आसपास निगरानी की और संदिग्धों की तलाश भी की, लेकिन कोई व्यक्ति दिखाई नहीं दिया। इससे क्षेत्र में दहशत और असमंजस का माहौल बना हुआ है।
निवासियों का कहना है कि नैनीताल में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। स्थानीय निवासी हरीश के मुताबिक, वर्ष 2006 में अल्मा लॉज कंपाउंड में भी इसी तरह की रहस्यमयी पत्थरबाजी हुई थी, लेकिन उस मामले का भी कभी खुलासा नहीं हो पाया।
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों का पता लगाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
