कांवड़ यात्रा के दौरान बंद रहेगा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तराखंड सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने शुक्रवार को अंतर-राज्यीय समन्वय बैठक में घोषणा की कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक कांवड़ यात्रियों के लिए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अधिकारियों को इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पहले से आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए।

बैठक में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ आईटीबीपी, एसएसबी, सीआरपीएफ, आरपीएफ, एनडीआरएफ समेत विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

मुख्य सचिव ने कहा कि कांवड़ यात्रा देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें लाखों श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों की ओर रवाना होते हैं। उन्होंने यात्रा की सफलता के लिए सभी राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था, प्रभावी यातायात प्रबंधन और आपदा प्रबंधन पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कांवड़ यात्रियों के पास वैध पहचान पत्र होना अनिवार्य होगा। साथ ही यात्रा के दौरान घातक हथियारों और अन्य प्रतिबंधित सामान पर लगी रोक का सख्ती से पालन कराया जाएगा। मुख्य सचिव ने कहा कि हरिद्वार ही नहीं, बल्कि पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और सतर्कता बनाए रखना सभी संबंधित एजेंसियों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।