

रामनगर रामनगर और देहरादून के बीच सीधी रेल सेवा की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि 18 जुलाई से रामनगर से देहरादून के लिए सीधी ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया जाएगा।सांसद बलूनी ने इसे क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कॉर्बेट सिटी के रूप में पहचान रखने वाले रामनगर के लोगों को अब देहरादून आने-जाने में अधिक सुविधा मिलेगी, जिससे सरकारी और निजी कार्यों के लिए यात्रा आसान होगी।उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी कॉर्बेट नेशनल पार्क तक पहुंचने में सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा। शुरुआत में ट्रेन का संचालन प्रयोग के तौर पर सप्ताह में दो दिन किया जाएगा। यात्रियों की संख्या और प्रतिक्रिया के आधार पर बाद में इसकी आवृत्ति बढ़ाकर सप्ताह में चार या पांच दिन की जा सकती है।सांसद ने कहा कि क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और इससे पहले धनगढ़ी पुल भी आम जनता को समर्पित किया जा चुका है।
