

देहरादून। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों से संवाद के लिए देहरादून पहुंच चुके हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित करेंगे और उनसे सीधे संवाद भी करेंगे।
कार्यक्रम के लिए विशेष पंडाल और मंच तैयार किया गया है। आयोजकों के अनुसार मंच पर केवल राहुल गांधी ही मौजूद रहेंगे, जबकि छात्र पंडाल में बैठने के बजाय स्टैंडिंग व्यवस्था के तहत कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम स्थल का आकार सीमित होने और बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है।
छात्रों की सहायता और मार्गदर्शन के लिए कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। छात्रों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। साथ ही, पर्याप्त मात्रा में पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने बताया कि राहुल गांधी के साथ संवाद को लेकर छात्रों में काफी उत्साह और जिज्ञासा है। अब तक ढाई लाख से अधिक छात्रों ने कार्यक्रम के लिए पंजीकरण कराया है। हालांकि, पंडाल में प्रवेश केवल पंजीकृत छात्रों को ही दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि छात्रों की सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी तथा क्यूआर कोड भी लगाए जाएंगे, ताकि छात्र मौके पर भी अपना पंजीकरण करा सकें।
