

रुद्रप्रयाग। बीती देर रात्रि केदारनाथ पैदल मार्ग पर एक युवक गहरी खाई में गिर गया। घटना की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग द्वारा राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) को दी गई, जिसके बाद तत्काल रेस्क्यू टीम को मौके के लिए रवाना किया गया।
यह हादसा गौरीकुंड से करीब दो किलोमीटर आगे छोड़ी के समीप हुआ। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट गौरीकुंड से टीम कमांडर आशीष डिमरी के नेतृत्व में एक टीम आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस, डीडीआरएफ और वाईएमएफ के साथ समन्वय स्थापित किया और सघन खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।
अत्यंत दुर्गम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच जवानों ने खाई में गिरे युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकालकर गौरीकुंड पहुंचाया। रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान मोहित रावत (25) पुत्र दर्शन रावत, निवासी ग्राम बड़ासू, रामपुर, जनपद रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।
गौरीकुंड पहुंचने के बाद युवक को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उसे आगे के उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। स्थानीय प्रशासन ने एसडीआरएफ टीम की त्वरित और सफल कार्रवाई की सराहना की है। वहीं, परिजनों ने भी समयबद्ध रेस्क्यू अभियान के लिए टीम का आभार व्यक्त किया।
एसडीआरएफ जवानों की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बचाई जा सकी। दुर्गम क्षेत्र में चलाया गया यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
