

डोईवाला भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन मार्ग निर्माण परियोजना के तहत चार दिन बाद सोमवार को फिर से पेड़ों का कटान शुरू हो गया। पर्यावरण प्रेमियों के विरोध की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। हल्के विरोध के बीच करीब 100 पेड़ों का कटान किया गया।
फोरलेन निर्माण के लिए 19 किलोमीटर क्षेत्र में संरक्षित प्रजाति के तीन हजार से अधिक पेड़ों को काटा जाना है। पिछले सप्ताह विरोध के चलते वन निगम ने पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध होने तक कटान कार्य रोक दिया था। सोमवार सुबह से ही पुलिस की मौजूदगी में कटान कार्य शुरू हुआ, जो देर शाम तक जारी रहा।
विरोध के दौरान एक पर्यावरण प्रेमी पेड़ से चिपक गया, जबकि एक अन्य युवक हाईवे पर बैठ गया। समझाने के बावजूद नहीं मानने पर पुलिस दोनों को कोतवाली ले गई। प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि कुंदन सिंह बिष्ट और रणविजय सिंह के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।
वन निगम के अधिकारियों के अनुसार माह के अंत तक कटान कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। इसके लिए मजदूरों और मशीनों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
