

बुग्गावाला। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बुधवाशहीद का मुख्य प्रवेश द्वार और विद्यालय परिसर इन दिनों बदहाल स्थिति में है। विद्यालय परिसर तथा यहां संचालित दो आंगनबाड़ी केंद्रों के आसपास जंगली घास और घनी झाड़ियां उग आने से बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की आशंका बढ़ जाती है, जिससे अभिभावकों में चिंता का माहौल है। उनका कहना है कि विद्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ने आते हैं, लेकिन परिसर की साफ-सफाई की ओर संबंधित विभाग ध्यान नहीं दे रहा है।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने आरोप लगाया कि विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्रों के आसपास लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई है, जिसके कारण झाड़ियां और जंगली घास तेजी से फैल गई हैं। इससे बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों से विद्यालय परिसर तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के आसपास जल्द से जल्द सफाई अभियान चलाकर जंगली घास और झाड़ियों को हटाने की मांग की है, ताकि बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

