दोस्तों के साथ दावत में गए युवक की गोली मारकर हत्या, तीन नामजद आरोपी फरार

मंगलौर। दोस्तों के साथ दावत में गए एक 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार शाम बूढ़पुर जट स्थित एक ईंट भट्ठे के पास हुई। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर जट निवासी राजेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र सौरभ (22) शनिवार को सुमित निवासी केलनपुर, पुरकाजी के बुलावे पर दोस्तों के साथ दावत में शामिल होने गया था। सौरभ के साथ डिंपल और आशीष भी मौजूद थे। सभी लोग बूढ़पुर जट के पास एक ईंट भट्ठे के निकट बैठे हुए थे।

आरोप है कि इसी दौरान सुमित लघुशंका का बहाना बनाकर वहां से चला गया। कुछ देर बाद अनुज निवासी शकरपुर, पुरकाजी तथा रॉबिन और प्रद्युम्न निवासी मंगलौर बाइक से मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी।

बताया गया है कि विवाद के दौरान प्रद्युम्न ने देसी तमंचे से सौरभ पर गोली चला दी। गोली लगने से सौरभ गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

स्थानीय लोगों ने घायल सौरभ को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया। हालांकि, रास्ते में ही सौरभ ने दम तोड़ दिया।

परिजनों के अनुसार सौरभ का विवाह वर्ष 2021 में हुआ था और उसके दो बेटे हैं। वह मंडावली स्थित एक कंपनी में कार्यरत था। घटना के बाद से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है।