पौड़ी पुलिस ने अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

पौड़ी।
पौड़ी पुलिस ने अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने महज चार दिनों के भीतर मामले का खुलासा कर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, कोटद्वार निवासी उमेश चंद बमोला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जून माह में परिवार सहित पैतृक गांव जाने के दौरान उनके बंद घर से अज्ञात चोर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने मोहित (गाजियाबाद), कासिफ उर्फ नन्हे (बरेली), आमिर (बरेली) और आसिफ उर्फ अमन (बरेली) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 13,600 रुपये बरामद किए गए।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने 26 जून को उधम सिंह नगर के किच्छा थाना क्षेत्र से एक अपाचे मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसी चोरी की बाइक का इस्तेमाल कर उन्होंने बंद मकानों की रेकी की और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी की।

पुलिस के अनुसार, गिरोह का मुख्य साथी मोहम्मद आरिफ निवासी दिल्ली अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।