गंगनहर पुलिस ने दो करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर दबोचा 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद, पंजाब निवासी आरोपी गिरफ्तार

रुड़की। हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब दो करोड़ रुपये कीमत की 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने लाठरदेवा अंडरपास के पास कार्रवाई करते हुए पंजाब निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस पूरे नशा तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 6 जुलाई को गंगनहर कोतवाली पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान लाठरदेवा अंडरपास के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे युवक ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड में पन्नी में छिपाकर रखी गई 980 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह (38) पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ गंगनहर कोतवाली में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाब से हेरोइन खरीदकर रुड़की में बेचने के उद्देश्य से लाया था। उसके बयान के आधार पर पुलिस हेरोइन की सप्लाई चेन, खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य तस्करों और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल यूनुस बेग, तेजपाल सिंह, रघुवीर सिंह, अशोक तिवारी तथा कांस्टेबल देवेश सिंह, नितिन कुमार, प्रभाकर, रवि कुमार और संतोष कुमार शामिल रहे।