

घनसाली। भिलंगना ब्लॉक के जखन्याली गांव में गुरुवार को आपदा प्रबंधन को लेकर व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान प्रशासन और विभिन्न विभागों ने बादल फटने जैसी आपदा की काल्पनिक स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय और संसाधनों के प्रभावी उपयोग की तैयारियों को परखना रहा।
एसडीएम घनसाली मंजू राजपूत ने बताया कि अभ्यास के दौरान जखन्याली गांव में बादल फटने की स्थिति दर्शाई गई, जिससे मार्ग अवरुद्ध होने और जनहानि की स्थिति उत्पन्न होने का परिदृश्य तैयार किया गया। मॉक ड्रिल में दो लोगों की मौत और 12 लोगों के घायल होने की सूचना पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। घायलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को हायर सेंटर रेफर किया गया। वहीं, मलबे में दबे पशुओं को एसडीआरएफ के जवानों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
अभ्यास में पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन टीम और अन्य संबंधित विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभ्यास से आपदा की वास्तविक स्थिति में सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।
