गंगा स्नान के दौरान नोएडा का युवक तेज बहाव में बहा, एसडीआरएफ चला रही सर्च अभियान

ऋषिकेश। मुनिकीरेती-तपोवन क्षेत्र स्थित साईं घाट पर गंगा स्नान के दौरान नोएडा निवासी एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में सर्च अभियान शुरू कर दिया।

एसडीआरएफ निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि स्थानीय पुलिस, प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से सात युवकों का एक समूह ऋषिकेश भ्रमण के लिए आया था। सभी युवक तपोवन क्षेत्र के साईं घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान शौर्य नागर (20) पुत्र किशनपाल, निवासी बिसरख जलालपुर, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) गंगा नदी में तैरने का प्रयास करने लगा।

इसी दौरान वह नदी के तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में बह गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ ही क्षणों में नजरों से ओझल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम आसपास के घाटों और संभावित क्षेत्रों में युवक की तलाश कर रही है।

पुलिस और एसडीआरएफ ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से गंगा में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतने तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में उतरने से बचने की अपील की है। युवक की तलाश जारी है और परिजन भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।