बेटे जसपाल राणा के निधन के सदमे के बाद मां श्यामा देवी राणा का भी निधन, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

टिहरी/नई दिल्ली। भारतीय निशानेबाजी जगत के लिए यह समय गहरे शोक का है। दिग्गज निशानेबाज और कोच जसपाल राणा के निधन के कुछ ही दिनों बाद उनकी मां श्यामा देवी राणा (78 वर्ष) का भी निधन हो गया। उनके निधन से परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जानकारी के अनुसार, द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित नारायण सिंह राणा की पत्नी श्यामा देवी राणा का नई दिल्ली के एक आर्मी अस्पताल में उपचार चल रहा था। परिजनों के अनुसार, 12 जून को जसपाल राणा के निधन के बाद उनकी तबीयत और अधिक बिगड़ गई थी। सोमवार को उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली।

गौरतलब है कि उत्तराखंड के टिहरी जिले के चिलामू गांव निवासी जसपाल राणा भारतीय निशानेबाजी के सबसे प्रतिष्ठित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में गिने जाते थे। वह भारतीय पिस्टल निशानेबाजों के हाई-परफॉर्मेंस कोच के रूप में कार्यरत थे और देश को कई अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बताया जाता है कि म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप से लौटते समय उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद दिल्ली के अस्पताल में उनका उपचार किया गया और स्टेंट भी डाला गया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार के दौरान उनका निधन हो गया।

महज 18 वर्ष की आयु में विश्व स्तर पर पहचान बनाने वाले जसपाल राणा ने एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन किया। बाद में एक सफल कोच के रूप में उन्होंने नई पीढ़ी के कई निशानेबाजों को तैयार किया और भारतीय शूटिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।