पे-आउट में कटौती से नाराज फ्लिपकार्ट मिनट्स के डिलवरी बॉय हड़ताल पर, कंपनी के खिलाफ किया प्रदर्शन

रुड़की। डिलवरी चार्ज में कथित कटौती से नाराज फ्लिपकार्ट मिनट्स के डिलवरी बॉय हड़ताल पर उतर आए। गुस्साए कर्मचारियों ने पनियाला रोड स्थित स्टोर के बाहर एकत्र होकर कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नए पे-आउट सिस्टम को तत्काल वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे डिलवरी कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी द्वारा हाल ही में लागू किए गए नए भुगतान ढांचे (पे-आउट सिस्टम) के तहत प्रति डिलवरी मिलने वाली राशि में भारी कमी कर दी गई है। उनका आरोप है कि पहले जहां प्रत्येक डिलवरी पर मिलने वाला मेहनताना उनकी जरूरतों के अनुरूप था, वहीं अब भुगतान लगभग आधा कर दिए जाने से उनकी आय पर सीधा असर पड़ रहा है।

डिलवरी बॉय का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल के बढ़ते दाम, वाहन रखरखाव और दैनिक खर्चों के बीच मेहनताना कम करना कर्मचारियों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि डिलवरी का काम चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में किया जाता है और समय पर ऑर्डर पहुंचाने के लिए घंटों सड़कों पर रहना पड़ता है। इसके बावजूद भुगतान में कटौती करना कर्मचारियों के हितों के खिलाफ है।

हड़ताली कर्मचारियों ने बताया कि नए पे-आउट सिस्टम के लागू होने से उनकी मासिक आय में भारी गिरावट आएगी, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो जाएगा। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से पुराने भुगतान ढांचे को बहाल करने और कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कंपनी ने अपने फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

हड़ताल के चलते क्षेत्र में फ्लिपकार्ट मिनट्स की डिलवरी सेवाएं प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, कर्मचारियों को उम्मीद है कि कंपनी जल्द वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालेगी।