


देवाल। उत्तराखंड के देवाल क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कैल नदी में नहाने गए राजकीय इंटर कॉलेज देवाल के कक्षा 12वीं के छात्र की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाटकल्याड़ी गांव निवासी आयुष (17) पुत्र गजेंद्र सिंह सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे अपने दो दोस्तों के साथ कैल नदी में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त नदी में बने करीब 12 फीट गहरे तालाब में उतरे थे। इसी दौरान आयुष अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा।

आयुष के दोस्तों ने तुरंत गांव के लोगों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही कैल गांव के नीरज मिश्रा समेत एक दर्जन से अधिक ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आयुष को गहरे तालाब से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया गया।
हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने आयुष को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रॉबिन ने बताया कि छात्र की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी।
वहीं, चौकी प्रभारी संदीप देवरानी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग भेज दिया गया है। घटना की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी छात्र के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
