एम्स में होमगार्ड और बहन से मारपीट का आरोप, जांच शुरू

ऋषिकेश,
एम्स ऋषिकेश में एक होमगार्ड और उसकी बहन के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद घायल होमगार्ड ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, होमगार्ड गोविंद किसी मरीज के साथ एम्स पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी सुरक्षा कर्मियों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुरक्षाकर्मियों ने गोविंद और उसकी बहन के साथ मारपीट कर दी।

बताया जा रहा है कि घटना में गोविंद के कान में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उसे पांच टांके लगाने पड़े। इसके अलावा उसके शरीर पर भी कई चोटें आई हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद एम्स की सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षाकर्मियों के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थान में मरीजों और उनके परिजनों के साथ संयमित एवं मानवीय व्यवहार अपेक्षित है। उनका मानना है कि इस तरह की घटनाएं संस्थान की छवि को प्रभावित करती हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न लगाती हैं।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी एम्स के कुछ सुरक्षाकर्मियों पर मरीजों और तीमारदारों के साथ अभद्रता तथा मारपीट के आरोप लग चुके हैं। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि होमगार्ड की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है तथा मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।