नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 को मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी, सीमांत क्षेत्रों में विकास और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

Pushkar Singh Dhami ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित काउंटडाउन रन कार्यक्रम को फ्लैग ऑफ कर “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतिभागियों के साथ प्रतीकात्मक दौड़ में भी हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 31 मई 2026 को आयोजित होने वाली अल्ट्रा रन के शुभंकर “क्यालु – हिम तेंदुआ” का भी अनावरण किया। उन्होंने कहा कि “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास जगाने का अभियान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, संकल्प और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा है और यह आयोजन उसी भावना का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी है।

सीएम धामी ने प्रतिभागियों को उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और सामर्थ्य का “ब्रांड एंबेसडर” बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के “सीमावर्ती गांव देश के अंतिम नहीं, बल्कि पहले गांव हैं” विजन को यह आयोजन साकार कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन से सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई गति मिलेगी। 31 मई को नीति घाटी में आयोजित होने वाली इस अल्ट्रा रन के लिए देश के 27 राज्यों और 2 देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह आयोजन उत्तराखंड में एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म के इतिहास में नया अध्याय लिखेगा।