विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, ऋषिकेश में जेई 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

Dehradun : विजिलेंस टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश में एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी जेई पर पशुलोक बैराज में टेंडर की भुगतान राशि जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सरकारी विभाग में टेंडर का कार्य करता है और उसने पशुलोक बैराज ऋषिकेश में एक टेंडर लिया हुआ था। आरोप है कि संबंधित कार्य के भुगतान के बदले जेई लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था।

शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस विभाग ने ट्रैप टीम का गठन किया। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन निवासी कटोराताल, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।