रुड़की में ग्रीनवे स्कूल की प्रधानाचार्या के घर लगी आग, फायर टीम ने बड़ा हादसा टाला

रुड़की के आदर्श नगर स्थित ग्रीनवे स्कूल की प्रधानाचार्या माला चौहान के आवास पर मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझाए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार आग मकान की दूसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे में लगी थी। कमरे में रखा एसी और सोफा आग की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी बंश नारायण यादव के नेतृत्व में फायर यूनिट मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

फायर टीम ने दो होज पाइप बिछाकर मोटर फायर इंजन की सहायता से पानी की बौछार की। दूसरी मंजिल पर अत्यधिक धुआं भर जाने के कारण आग बुझाने में काफी कठिनाई हुई, लेकिन फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। साथ ही आग को अन्य मंजिलों तक फैलने से भी रोक दिया गया।

आग लगने से एसी, सोफा और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि फायर टीम समय पर नहीं पहुंचती तो आग विकराल रूप ले सकती थी।

मौके पर मौजूद मकान स्वामिनी माला चौहान ने फायर यूनिट की त्वरित कार्रवाई और साहस की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार जताया।

अग्निशमन अधिकारी बंश नारायण यादव ने बताया कि घटना की सूचना उच्च अधिकारियों और कंट्रोल रूम रुड़की को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी अग्निकांड में त्वरित रिस्पांस बेहद महत्वपूर्ण होता है और समय पर पहुंचकर बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है।

राहत एवं बचाव कार्य में लीडिंग फायरमैन भगवती प्रसाद, विपिन सैनी, चालक विपिन सिंह तोमर, मोहन सिंह नेगी, फायरमैन जगवीर सिंह, राजेंद्र सिंह विष्ट, हरीशचंद्र, दिनेश चौहान, सुनील कुमार बंदोलिया और सुनील सिंह सहित अन्य कर्मी शामिल रहे।