


देहरादून। चारधाम यात्रा इस वर्ष नया रिकॉर्ड बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। यात्रा शुरू होने के 25 दिनों के भीतर ही केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 12.60 लाख पार कर चुकी है। बुधवार को अकेले चारों धामों में करीब 80 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
चारधाम यात्रा में सबसे अधिक उत्साह केदारनाथ धाम को लेकर देखने को मिल रहा है। मात्र 22 दिनों में ही 5.23 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण यात्रा के दौरान मौसम की चुनौती भी बनी हुई है, जिस पर प्रदेश सरकार लगातार नजर बनाए हुए है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शीर्ष अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम प्रतिकूल होने की स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सरकार की ओर से श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा के लिए स्लॉट प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण प्रणाली को और प्रभावी बनाया गया है। यात्रा मार्गों और धामों में रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम का भी उपयोग किया जा रहा है, ताकि किसी भी स्थिति पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत केदारनाथ धाम में हुए पुनर्निर्माण कार्यों के बाद धाम अब दिव्य और भव्य स्वरूप में दिखाई दे रहा है। वहीं पैदल यात्रा मार्गों को बेहतर बनाए जाने से श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और सुरक्षित हुई है।
सरकार ने मौसम की निगरानी के लिए विशेष तंत्र स्थापित किया है और हर परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक व्यवस्थाएं सक्रिय रखी गई हैं।
