ड्राइविंग स्कूलों पर एआरटीओ का छापा, कई संस्थानों में मिली भारी अनियमितताएं

रुड़की। सड़क सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण चालक प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एआरटीओ (प्रशासन) जितेंद्र चंद बहादुर एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) कृष्ण चंद पलड़िया ने बुधवार को मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण संस्थानों के खिलाफ विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न ड्राइविंग स्कूलों की आधारभूत सुविधाओं, प्रशिक्षकों की योग्यता, सिमुलेटर मशीन, बायोमीट्रिक उपस्थिति, प्रशिक्षण वाहनों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। निरीक्षण की सूचना मिलते ही कई घंटों तक ड्राइविंग स्कूल संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

सबसे पहले आरआर सिनेमा के पास स्थित सेव मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संस्थान का स्वामी, प्रबंधक एवं प्रशिक्षक मौके पर मौजूद नहीं मिले। संस्थान का परिसर प्रशिक्षण केंद्र के बजाय आवासीय उपयोग जैसा दिखाई दिया। यहां आवश्यक सूचना बोर्ड, यातायात संकेतक और प्रशिक्षण सामग्री भी अनुपस्थित पाई गई।

जांच में सिमुलेटर एवं बायोमीट्रिक मशीन खराब मिली, जबकि प्रशिक्षण से संबंधित आवश्यक अभिलेख और रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं कराए गए। विभाग ने संस्थान संचालक को तत्काल कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।

इसके बाद आदर्श नगर स्थित शाकुम्भरी मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि संस्थान के प्रशिक्षक निर्धारित योग्यता मानकों पर खरे नहीं उतरे। उनके पास व्यावसायिक ड्राइविंग लाइसेंस, अनुभव प्रमाणपत्र और तकनीकी योग्यता से संबंधित आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले।

संस्थान में सिमुलेटर, बायोमीट्रिक मशीन, कंप्यूटर प्रणाली, सड़क संकेतक बोर्ड, प्राथमिक उपचार पेटिका एवं अन्य प्रशिक्षण उपकरण भी अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण वाहन यूके-17टीए0992 की जांच में वाहन का टैक्स अद्यतन नहीं मिला तथा उसकी यांत्रिक स्थिति भी खराब पाई गई।

परिवहन विभाग ने वाहन का चालान कर उसे सीज कर दिया। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने शाकुम्भरी मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

वहीं तीसरे निरीक्षण में एलाइट मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल नवीनीकरण प्रक्रिया के चलते बंद मिला। कार्रवाई के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सईद अहमद, नितिन जोशी, सोनू कुमार, विकास, प्रमोद आर्य, शोहेब एवं सचिन चौधरी उपस्थित रहे।