


देहरादून। ट्रांसपोर्ट कारोबारियों से हर महीने अवैध वसूली के आरोपों में घिरे परिवहन विभाग के सब इंस्पेक्टर शशिकांत तेंगोवाल को निलंबित कर दिया गया है। विभाग ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि सोमवार को सब इंस्पेक्टर शशिकांत तेंगोवाल हर्रावाला क्षेत्र में कथित वसूली के लिए पहुंचा था। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उसे एक दुकान के अंदर बंद कर दिया और करीब दो घंटे तक बंधक बनाए रखा। घटना की सूचना फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सब इंस्पेक्टर पिछले चार वर्षों से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों से हर महीने अवैध वसूली कर रहा था। आरोपों के मुताबिक छोटी गाड़ियों से दो हजार रुपये प्रति वाहन, छह टायर वाले वाहनों से आठ हजार रुपये, आठ टायर वाले वाहनों से दस हजार रुपये और 12 टायर वाले वाहनों से 12 हजार रुपये तक वसूले जाते थे।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिवहन विभाग में हड़कंप मच गया। परिवहन सचिव ने भी मामले का संज्ञान लिया। मंगलवार को विभागीय अधिकारियों की बैठक के बाद प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी सब इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया।
अपर परिवहन आयुक्त की ओर से निलंबन आदेश जारी कर मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं।
