


देहरादून में दून सैनिक संस्थान के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के ‘पेट्रोल बचाओ’ संदेश का समर्थन करते हुए ऊर्जा संरक्षण को देशहित के लिए बेहद जरूरी बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए ऊर्जा संसाधनों का संरक्षण और विदेशी मुद्रा की बचत अत्यंत आवश्यक हो गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के लिए छोटे लेकिन प्रभावी कदम उठाएं।

उन्होंने सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग, अनावश्यक वाहन प्रयोग से बचने और ईंधन बचत को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल आर्थिक बचत का विषय नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्रहित से जुड़ा बड़ा अभियान है।
सीएम धामी ने कहा कि यदि हर नागरिक जिम्मेदारी के साथ ईंधन की बचत करेगा तो इससे देश की विदेशी मुद्रा पर दबाव कम होगा और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने युवाओं से ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार संसाधनों के संरक्षण, आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संतुलन को लेकर देशवासियों को जागरूक कर रहे हैं। साथ ही उत्तराखंड सरकार भी हरित विकास और ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।
