


रुड़की: Indian Institute of Technology Roorkee के एक शोधार्थी का शव मंगलौर क्षेत्र स्थित आसफनगर झाल से बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोहित कुमार (40) पुत्र जवाहर लाल आर्य निवासी नैनीताल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मोहित कुमार आईआईटी रुड़की के इलेक्ट्रॉनिक एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग में छठे सेमेस्टर के शोधार्थी थे और संस्थान के हॉस्टल में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि वह पिछले तीन दिनों से लापता थे, हालांकि इस संबंध में पुलिस को कोई औपचारिक सूचना या गुमशुदगी की तहरीर नहीं दी गई थी।

रविवार शाम राहगीरों ने आसफनगर झाल में एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पहचान की कार्रवाई शुरू की। जांच में शव की पहचान मोहित कुमार के रूप में हुई।
पुलिस ने मृतक के हॉस्टल कमरे की तलाशी भी ली, जहां से एक नोटबुक बरामद हुई है। नोटबुक में कुछ बातें लिखी मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
