नगर निगम रुड़की में किराया विवाद पर मंत्री प्रदीप बत्रा सख्त, जांच के दिए आदेश

रुड़की नगर निगम में दुकानदारों को किराया जमा होने के बावजूद कथित रूप से बकाया रसीद और नोटिस भेजे जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने सख्त रुख अपनाया है।

मंत्री प्रदीप बत्रा ने स्पष्ट कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित बाबू, अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यदि किसी दुकानदार द्वारा नगर निगम का किराया जमा करने के बावजूद उसे झूठी बकाया रसीद या नोटिस जारी किया गया है, तो यह गंभीर लापरवाही और अनियमितता का मामला है। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

मंत्री ने बताया कि मामले की जांच के लिए हरिद्वार जिलाधिकारी और रुड़की नगर निगम के मुख्य नगर अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

प्रदीप बत्रा ने कहा कि जांच में यदि कोई अधिकारी, बाबू या कर्मचारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी। उन्होंने दोहराया कि नगर निगम की संपत्तियां जनता की धरोहर हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता या खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।