UCC लागू होने के बीच महिला ने पति पर लगाए प्रताड़ना और दूसरी शादी की धमकी के आरोप

रुड़की। उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने के बाद जहां सख्त कानून व्यवस्था की बात की जा रही है, वहीं रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और दूसरी शादी की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता अपनी 6 वर्षीय बच्ची के साथ न्याय की मांग को लेकर भटकने को मजबूर है।

पीड़िता ने मीडिया के सामने फोटो, वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग जैसे कई सबूत पेश किए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों में महिला के साथ कथित मारपीट के निशान दिखाई दे रहे हैं। वहीं वायरल ऑडियो में आरोपी पति कथित तौर पर दूसरी शादी और लिव-इन रिलेशनशिप की बात करता सुनाई दे रहा है।

महिला का आरोप है कि उसका पति उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए व्हाट्सएप पर एक अज्ञात महिला की दुल्हन के लिबास में तस्वीरें भेजता है। पीड़िता को आशंका है कि उसके पति ने गुपचुप सगाई कर ली है और जल्द ही निकाह करने की तैयारी में है।

कायनात ने बताया कि लगातार उत्पीड़न के चलते वह अपनी छह वर्षीय बच्ची के साथ घर छोड़ने को मजबूर हो गई है। उसने उत्तराखंड सरकार और पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए सवाल उठाया कि जब प्रदेश में UCC लागू है, तो उसका पति दूसरी शादी की बात खुलेआम कैसे कर रहा है।

पीड़िता ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि पीड़िता को न्याय कब तक मिल पाता है।