बहादराबाद में भीषण सड़क हादसा: पिकअप और कार की टक्कर में युवक की मौत, एक गंभीर

बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह बहादराबाद-धनौरी मार्ग पर पिकअप गाड़ी और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक (23) पुत्र राजू और वरुण (26) पुत्र मांगेराम, निवासी मेवाड़ कला कलियर, पिकअप वाहन से कपड़े बेचकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे पथरी पुल के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि दुर्घटना में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे तुरंत मौके पर पहुंच गए।

हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है।