

देहरादून।
उत्तराखंड राज्य विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किए जाने की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में विधानसभा भवन के निकट एक दिवसीय विशाल धरना आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

धरने को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिला आरक्षण के पक्ष में रही है और आगे भी मजबूती से खड़ी रहेगी।

हरीश रावत ने केंद्र सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर संसद का सत्र बुलाया जाए और महिला आरक्षण विधेयक को तत्काल पारित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की मांग है कि वर्ष 2027 से विधानसभा, लोकसभा और राज्यसभा में वर्तमान सीटों के आधार पर ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए।
उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान वर्ष 2010 में राज्यसभा में महिला आरक्षण विधेयक पारित किया गया था और लोकसभा में भी इसे लाने की तैयारी थी। साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से देश में महिलाओं की भागीदारी में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि महिला आरक्षण लागू होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

