रुड़की में विकास कार्यों को लेकर धरना, भाजपा नेता बैठे विरोध पर

रुड़की : रुड़की के ढंडेरा नगर पंचायत कार्यालय में मंगलवार को भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व प्रत्याशी रहे रवि राणा विकास कार्यों की अनदेखी के विरोध में धरने पर बैठ गए। उनके इस कदम से स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

धरने के दौरान रवि राणा ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत बोर्ड के गठन के डेढ़ वर्ष बाद भी क्षेत्र में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि सड़कों की हालत बेहद खराब है, नालियां टूटी हुई हैं और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।

उन्होंने यह भी बताया कि कई जगहों पर स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जबकि कई क्षेत्रों में अब तक लाइटें लगाई ही नहीं गई हैं, जिससे रात के समय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

रवि राणा ने नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी और बोर्ड पर जनसमस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। गौरतलब है कि सतीश नेगी ने पहले निर्दलीय चुनाव जीतकर हाल ही में भाजपा का दामन थामा है, ऐसे में यह धरना राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बन गया है।

हालांकि रवि राणा ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध सरकार या पार्टी के खिलाफ नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास को लेकर है। उन्होंने कहा कि यदि यह साबित हो जाता है कि नगर पंचायत को बजट नहीं मिल रहा, तो वे तुरंत धरना समाप्त कर देंगे।

रवि राणा का दावा है कि लगातार बजट मिलने के बावजूद विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, उनका धरना जारी रहेगा।