केदार घाट पर अधजले शवों को नोच रहे आवारा कुत्ते, लोगों में दहशत

उत्तरकाशी जनपद मुख्यालय स्थित मोक्ष केदार घाट पर एक गंभीर और चिंताजनक स्थिति सामने आई है। यहां भागीरथी नदी के किनारे अधजले शवों के अवशेषों को आवारा कुत्ते खा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

गंगा विचार मंच से जुड़े लोगों का कहना है कि अंतिम संस्कार के बाद बचे शव के टुकड़ों का उचित निस्तारण नहीं किया जा रहा है। लापरवाही के कारण ये अवशेष घाट के आसपास ही पड़े रह जाते हैं, जिन्हें आवारा कुत्ते अपना भोजन बना रहे हैं।

मंच के प्रांत संयोजक लोकेंद्र बिष्ट ने बताया कि ऐसी स्थिति कोविड काल में भी देखने को मिली थी, जब कई प्रतिबंधों के चलते अंतिम संस्कार पूरी प्रक्रिया से नहीं हो पा रहे थे। लेकिन अब सामान्य परिस्थितियों में भी वही हालात बने रहना बेहद चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि आए दिन कुत्तों के झुंड केदार घाट पर पहुंचते हैं और अधजले शवों को नोचते हैं। इससे कुत्तों के व्यवहार में भी बदलाव आ रहा है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इंसानी मांस का स्वाद लगने के बाद ये कुत्ते अब राह चलते लोगों पर भी हमला कर रहे हैं।

हाल ही में कुत्तों ने 18 लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और मोक्ष घाट पर अंतिम संस्कार के बाद साफ-सफाई की सख्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यह स्थिति और भी गंभीर रूप ले सकती है।