

बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के अलीपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। सलेमपुर गांव से आई बरात में शामिल कुछ युवाओं के तंज कसने से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

जानकारी के अनुसार, अलीपुर निवासी सादिक की बेटी का निकाह था और समारोह में विदाई की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान बरात में आए कुछ युवाओं की गढ़मीरपुर से आए लड़की पक्ष के रिश्तेदारों से कहासुनी हो गई। बरातियों ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई।

देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों व बेल्ट से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान महिलाओं के भी मारपीट में शामिल होने की बात सामने आई है।
इस झगड़े में दोनों पक्षों के कुल तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।
पुलिस अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
