मेरठ में पुलिसकर्मियों को दिखाई गई DHURANDHAR 2, पहल पर शुरू हुई बहस

मेरठ में पुलिसकर्मियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से एक अनोखी पहल की गई, जिसके तहत करीब 420 दरोगाओं और नए रंगरूटों को एक फिल्म दिखाई गई। इस पहल के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, सभी पुलिसकर्मी यूनिफॉर्म में शहर के एक मॉल स्थित सिनेमा हॉल में पहुंचे। दोपहर करीब ढाई बजे शुरू हुए शो में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने भाग लिया, जिनमें कुछ दरोगा और अधिकतर नए भर्ती रंगरूट शामिल थे।

फिल्म प्रदर्शन के दौरान मीडिया को हॉल के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई, साथ ही पुलिसकर्मियों को भी मीडिया से बातचीत करने से रोका गया। शो करीब साढ़े तीन बजे समाप्त हुआ।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को उनके कर्तव्यों के प्रति प्रेरित करना था। उनका मानना है कि ऐसी फिल्मों के माध्यम से पुलिस बल में जोश और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जा सकता है।

फिल्म देखने वाले कुछ दरोगाओं ने बताया कि फिल्म में दिखाए गए भारतीय एजेंटों के कार्य और रणनीतियां उन्हें काफी हद तक उनकी ट्रेनिंग से जुड़ी लगीं। इससे उन्हें अपने कर्तव्यों और चुनौतियों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिली।

हालांकि, इस पहल को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां कुछ लोग इसे सकारात्मक कदम मान रहे हैं, वहीं कुछ इसे लेकर सवाल भी उठा रहे हैं।