डिवाइन स्कूल में पाठ्य सामग्री वितरण कार्यक्रम, छात्रों को बैग और किताबें वितरित

रुड़की स्थित डिवाइन स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पाठ्य सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मेयर गौरव गोयल ने छात्र-छात्राओं को बैग, पुस्तकें एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को पूरे वर्ष मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने बेटों और बेटियों की शिक्षा को समाज के विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि बेहतर शिक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाने आवश्यक हैं, ताकि बच्चे आगे बढ़कर अपना और समाज का नाम रोशन कर सकें। साथ ही उन्होंने शिक्षा, संस्कार और सामाजिक एकता के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

स्कूल प्रबंधक सुधीर कुमार और अमित राजपूत ने बताया कि विद्यालय हर वर्ष छात्रों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराता है, जिससे बच्चों को पढ़ाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान प्रत्येक छात्र को स्कूल बैग, किताबें, कॉपियां, स्टेशनरी, वाटर बॉटल और टिफिन प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में अन्य अतिथियों ने भी बच्चों को सामग्री वितरित की और नए सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य संगीता गोयल, शिक्षिकाएं रेखा शर्मा, मीनू भेटवाल, राखी, शीतल, बबीता, श्वेता सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।