

देहरादून |

पुरानी कारों के कारोबारी से स्कॉर्पियो बेचने के नाम पर 16 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने लोन पर ली गई कार की फर्जी एनओसी दिखाकर सौदा किया और रकम लेने के बाद असली एनओसी देने से मुकर गए। एसएसपी के निर्देश पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायपुर रोड स्थित शिवलोक कॉलोनी निवासी कारोबारी आशीष कुमार बढेरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अमजद अली नामक कार डीलर ने उन्हें स्कॉर्पियो बेचने का प्रस्ताव दिया और किरतपुर (बिजनौर) बुलाया। वहां उनकी मुलाकात प्रशांत गुप्ता से कराई गई, जिसने दावा किया कि उसने वाहन को मूल मालिक से खरीद लिया है और एक पुरानी एनओसी भी दिखाई। इसके बाद कार का सौदा 15.50 लाख रुपये में तय हुआ।
पीड़ित के अनुसार, 7 मई 2024 को उनके पार्टनर के खाते से 15.50 लाख रुपये प्रशांत के खाते में ट्रांसफर किए गए, जबकि 50 हजार रुपये कमीशन के रूप में अमजद को दिए गए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने कार और आरसी तो सौंप दी, लेकिन असली एनओसी यह कहकर रोक ली कि आगे कार बिकने पर दे देंगे। बाद में एनओसी मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
जांच के दौरान 1 अगस्त 2025 को एसबीआई बैंक से जानकारी मिली कि वाहन पर अभी भी लाखों रुपये का लोन बकाया है। पटेलनगर पुलिस ने प्रशांत गुप्ता, आशीष और अमजद अली के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
