

देहरादून। उत्तराखंड में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सरकार ने बड़ी सौगात दी है। गुरुवार को यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में खेल मंत्री रेखा आर्य ने तीन करोड़ रुपये से अधिक की इनामी धनराशि डीबीटी के माध्यम से खिलाड़ियों के खातों में ट्रांसफर की।

खेल मंत्री ने बताया कि इस सूची में 1 जुलाई 2024 से 31 मार्च 2025 के बीच विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले वे खिलाड़ी और कोच भी शामिल किए गए हैं, जो पिछली बार कागजी औपचारिकताएं पूरी न कर पाने के कारण इनामी राशि से वंचित रह गए थे।
उन्होंने कहा कि अब सभी पात्र खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को उनकी इनामी धनराशि जारी कर दी गई है। सरकार प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को हर संभव प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
रेखा आर्य ने आगे बताया कि पदक विजेताओं के लिए आउट ऑफ टर्न नौकरी की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। जल्द ही विभिन्न विभागों में पद सृजित कर खिलाड़ियों को नियुक्ति दी जाएगी।
सरकार के इस कदम से प्रदेश के खिलाड़ियों में उत्साह बढ़ा है और खेलों के प्रति युवाओं का रुझान भी मजबूत होने की उम्मीद है।
