

देहरादून/मसूरी: मसूरी घूमने आए हरियाणा के एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हिसार के देव नगर गंगवा निवासी 35 वर्षीय पवन कुमार अपने दोस्तों मनीत और रविकांत के साथ मसूरी घूमने आया था। बताया गया कि एक होटल के पास वाहन खड़ा करते समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और उसे खून की उल्टी होने लगी।
घटना के बाद उसके दोस्त उसे तुरंत देहरादून के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि थाना राजपुर से कोतवाली मसूरी को डेथ मेमो प्राप्त हुआ है। परिजनों की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
