

देहरादून: क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) के तहत देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच जल्द ही हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर इस संबंध में जानकारी दी है।

मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में केंद्रीय मंत्री को पत्र भेजकर देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवाओं को मजबूत करने की मांग की थी। इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस रूट पर उड़ान सेवा शुरू करने के लिए मैसर्स स्काईहॉप एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
बताया गया है कि सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद कंपनी देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच आरसीएस उड़ानों का संचालन शुरू करेगी। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले इस रूट पर मैसर्स फ्लाइबिंग द्वारा हवाई सेवा संचालित की जा रही थी, जिसने अपने आरसीएस अधिकार स्काईहॉप को हस्तांतरित कर दिए हैं। केंद्र सरकार नियमित उड़ान सेवाओं को सुनिश्चित करने के लिए अन्य विमानन कंपनियों से भी संपर्क कर रही है।
