अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का शुभारंभ, सीएम धामी ने किया उद्घाटन

ऋषिकेश। गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) की ओर से मुनि की रेती स्थित जीएमवीएन गंगा रिजॉर्ट में सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का भव्य आगाज हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।

महोत्सव के दौरान देश-विदेश से आए योग जिज्ञासुओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रतिभागी राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क क्षेत्र में स्थित महर्षि महेश योगी की प्रसिद्ध भावातीत चौरासी कुटिया में हेरिटेज वॉक भी करेंगे, जहां योग और आध्यात्म से जुड़ी ऐतिहासिक विरासत से उन्हें रूबरू कराया जाएगा।

कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा, गढ़वाली लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी समेत कई लोकगायक और कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा महोत्सव में इस्कॉन नाइट का भी आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।