
लक्सर। लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर चलते-चलते बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के टायर में अचानक आग लग गई। पास में पेट्रोल पंप होने के कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह हरिद्वार की ओर से बजरी से भरी एक बड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली लक्सर की ओर आ रही थी। जब ट्रैक्टर-ट्रॉली लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर लक्सर गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंची, तभी उसके पिछले टायर में आग लग गई।
राहगीरों ने शोर मचाकर चालक को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद चालक ने तुरंत ट्रैक्टर रोक दिया। पेट्रोल पंप पास होने के कारण लोगों में दहशत फैल गई। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश करते हुए पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और प्रभारी अग्निशमन अधिकारी जसवंत राणा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी जसवंत राणा ने बताया कि घर्षण के कारण ट्रॉली के टायर में आग लगी थी। समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
