उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे, हरिद्वार में 7 मार्च को ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम

हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 7 मार्च को हरिद्वार में ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

यह कार्यक्रम हरिद्वार के बैरागी कैंप मैदान में आयोजित होगा, जहां बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में राज्य सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही संशोधित आपराधिक कानून बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) से संबंधित जानकारी देने के लिए भी विशेष प्रदर्शनी की व्यवस्था की जा रही है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर सरकार और भाजपा संगठन दोनों स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है।