24 अप्रैल से पहले ट्रेनों में सीटों की भारी किल्लत, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

रुड़की। 24 अप्रैल से पहले ट्रेन से सफर करना शहर के यात्रियों के लिए बेहद मुश्किल हो गया है। रुड़की रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली करीब 10 जोड़ी से अधिक ट्रेनों में सीटों की भारी किल्लत देखी जा रही है। पर्व और राष्ट्रीय अवकाश के चलते यात्रियों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हुई है, जिससे लंबी दूरी की ट्रेनों की वेटिंग लिस्ट लगातार बढ़ती जा रही है।

योग एक्सप्रेस, हरिद्वार-बांद्रा एक्सप्रेस, उत्कल एक्सप्रेस और हेमकुंड एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। अलवर, जयपुर, अजमेर, अहमदाबाद, बांद्रा, सूरत, वडोदरा, गोधरा, रतलाम, कोटा, मथुरा, पठानकोट, लखनऊ, बक्सर, पटना, हावड़ा, गोरखपुर, मुंबई और राजस्थान जाने वाली ट्रेनों में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर बनी हुई है।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, कई ट्रेनों में वेटिंग 150 के पार पहुंच चुकी है, जबकि कुछ में ‘नो रूम’ की स्थिति बन गई है। यात्रियों का कहना है कि शादी-ब्याह, जरूरी कार्यों और त्योहारों में शामिल होने के लिए उन्हें हर हाल में यात्रा करनी है, लेकिन टिकट कंफर्म न होने से परेशानी बढ़ गई है।

यात्रियों की चिंता बढ़ी
रुड़की निवासी यात्री अमित कुमार ने बताया कि उन्होंने 20 दिन पहले टिकट बुक कराया था, लेकिन अब भी वेटिंग में है। परिवार के साथ यात्रा करनी है, ऐसे में चिंता बढ़ती जा रही है। एक अन्य यात्री ने बताया कि तत्काल टिकट में भी लंबी वेटिंग के कारण कंफर्म होने की उम्मीद कम नजर आ रही है।

होली स्पेशल ट्रेन से मिलेगी राहत
मुख्य टिकट पर्यवेक्षक राजू के अनुसार, त्योहार और अवकाश के कारण यात्रियों की संख्या में वृद्धि हुई है। होली स्पेशल ट्रेन का संचालन भी किया जा रहा है, जिससे कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 24 अप्रैल से पूर्व रुड़की से कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल बना रहेगा।